लॉस एंजिलिस ओलिंपिक गेम्स में क्रिकेट के मुकाबले 12 जुलाई 2028 से शुरू होंगे। जबकि 20 और 29 जुलाई को मेडल मैच खेले जाएंगे। LA ओलिंपिक की वेबसाइट पर इसका शेड्यूल अपलोड कर दिया गया है। सभी मैच टी-20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। इसके अनुसार, सभी मुकाबले पोंमोना शहर के फेयर ग्राउंड्स स्‍टेडियम में खेले जाएंगे। लॉस एंजिलिस से लगभग 50 किमी दूर इस जगह पर एक अस्थायी स्‍टेडियम बनाया जाएगा। भारतीय समय के अनुसार, दिन का पहला मैच रात 9:30 बजे से शुरू होगा, जबकि दूसरा मैच अगले दिन सुबह 7:00 बजे से शुरू होगा। टूर्नामेंट में ज्यादातर डबल हेडर यानी एक दिन में दो मैच होंगे। 14 और 21 जुलाई को कोई मैच नहीं होगा। इस टूर्नामेंट में महिला और पुरुष की 6-6 टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें कुल 180 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। हर टीम में 15 खिलाड़ी चुने जाएंगे। लॉस एंजिलिस की मेयर करेन बास ने एक स्टेटमेंट में कहा- जब दुनिया इन खेलों के लिए यहां आएगी, तो हम सभी के लिए खेलों की मेजबानी करते हुए हर इलाके को उजागर करेंगे। हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे कि हम एक यादगार विरासत छोड़े। क्वालिफिकेशन प्रोसेस नहीं बताया, मेजबान USA का खेलना तय
अब तक 2028 ओलिंपिक के लिए क्वालिफिकेशन प्रोसेस के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में अमेरिका का खेलना तय माना जा रहा है, क्योंकि USA को होस्ट होने के नाते मौका मिलेगा। इसका मतलब होगा कि अमेरिका के अलावा पांच और टीमें हिस्सा ले सकेंगी और उन्हें क्वालिफिकेशन प्रोसेस से गुजरना होगा। USA ने पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप होस्ट किया था
यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (USA) ने पिछले टी-20 वर्ल्ड कप मैचों की मेजबानी की थी। ये मुकाबले न्यूयॉर्क, फ्लोरिडा और डलास में खेले गए थे। टूर्नामेंट का पहला मैच यहीं खेला जाएगा था। इतना ही नहीं, भारत और पाकिस्तान हाईवोल्टेज मैच की मेजबानी न्यूयॉर्क ने की थी। ओलिंपिक में 128 साल बाद वापसी कर रहा क्रिकेट
क्रिकेट ओलिंपिक गेम्स में 128 साल बाद वापसी कर रहा है। 1900 में यह खेल पहली बार ओलिंपिक में शामिल किया गया था। तब ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस की टीमों ने इसमें हिस्सा लिया था। ग्रेट ब्रिटेन ने गोल्ड और फ्रांस ने सिल्वर मेडल जीता था। दोनों टीमों के बीच केवल एक ही मैच खेला गया था और इसी मैच को फाइनल घोषित कर दिया गया था। कॉमनवेल्थ गेम्स में 2, एशियाड में 3 बार
क्रिकेट को कॉमनवेल्थ गेम्स में भी 2 बार 1998 और 2022 में शामिल किया गया। वहीं एशियन गेम्स में 2010, 2014 और 2023 में तीन बार क्रिकेट को जगह मिली। 2023 एशियन गेम्स में भारत ने मेंस और विमेंस दोनों कैटेगरी में अपनी टीमें भेजीं और दोनों में गोल्ड मेडल जीता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *