रायपुर में आर्थिक और सांख्यिकी विभाग की महिला डिप्टी डायरेक्टर से करीब 90 लाख रुपए की ठगी हो गई है। इस ठगी में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। जिन्होंने कहा कि अगर आप हमारी कंपनी में पैसा लगाते हैं, तो 6 महीने में दोगुना मुनाफा मिलेगा। डिप्टी डायरेक्टर ठगों की इस बात के झांसे में आ गई। उन्होंने 20 से ज्यादा ट्रांजैक्शन में ठगों को रुपए भेज दिए। जब पैसे वापस नहीं मिले तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इस मामले में नवा रायपुर के राखी थाना में शिकायत दर्ज हुई है। राखी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता माया तिवारी संचालनालय के आर्थिक और सांख्यिकी विभाग में डिप्टी डायरेक्टर के पोस्ट पर है। माया तिवारी ने पुलिस को बताया कि 3 मार्च को उनके फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें कहा गया था कि सरकार के सपोर्ट से अगर आप हमारी कंपनी में पैसा लगाते हैं, तो 6 महीने में दोगुना मुनाफा मिलेगा। विज्ञापन में एक वीडियो भी था, जिसे देखकर उन्हें भरोसा हो गया। इसके बाद माया तिवारी ने लिंक पर क्लिक कर अपना रजिस्ट्रेशन किया। महिला ठग बोली-आपने अच्छा डिसीजन लिया वेबसाइट में रजिस्ट्रेशन के बाद एक महिला का फोन आया। उसने अपना नाम जारा अली खान बताया। उसने कहा, “आपने रजिस्ट्रेशन करके अच्छा डिसीजन लिया है।” फिर कहा कि आपकी रकम को मैनेज करने के लिए हमारी बुल मार्केट कंपनी एक अकाउंट ऑफिसर नियुक्त करेगी। थोड़ी देर बाद दूसरी महिला संगीता शर्मा का कॉल आया, जिसने खुद को अकाउंट ऑफिसर बताया और फोनपे के जरिए 18-19 हजार के 4-5 ट्रांजैक्शन कराए। 20 से ज्यादा बार में भेजे रुपए इसके बाद माया को अलग-अलग नंबरों से कॉल आते रहे और उन्हें अलग-अलग अकाउंट नंबरों में पैसे ट्रांसफर करने को कहा गया। माया ने उनपर भरोसा करके करीब 20 से ज्यादा बार पैसे भेजे। इसमें 2.36 लाख, 4 लाख, 50 हजार, 4.52 लाख, 11.3 लाख, 4.81 लाख 9.5 लाख और कई अन्य ट्रांजैक्शन थे। इसके अलावा माया ने फोनपे से भी पैसे भेजे। पैसे मंगवाने के लिए हर बार अलग-अलग अकाउंट नंबर दिए गए। जुलाई में दोगुने पैसे का दिया झांसा ठगों ने माया से कहा कि जुलाई तक उनकी रकम दोगुनी हो जाएगी। पीड़िता उनके झांसे में आ गई और ठगों के अकाउंट में करीब 89 लाख 67 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जब तय समत तक पैसे वापस नहीं मिले तो माया को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में जाकर ठगी की शिकायत दर्ज करवाई। फिलहाल इस मामले में राखी पुलिस आगे की जांच पड़ताल कर रही है। रायपुर एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने बताया, एक महिला अधिकारी साइबर ठगी का शिकार हुई है। ठग ने महिला को शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्टमेंट कर बड़े मुनाफे का झांसा दिया। महिला अधिकारी लगातार इन्वेस्टमेंट करती गई। 89 लाख इन्वेस्टमेंट के बाद भी जब प्रॉफिट नहीं मिला तो उन्हें साइबर फ्रॉड का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद 20 लाख रुपए होल्ड किया गया है। आगे की जांच की जा रही है। ………………………………………… इससे जुड़ी खबर ये भी पढ़ें शिक्षक ने भाई के साथ मिलकर 1.42 करोड़ ठगे:बलौदाबाजार में शेयर बाजार में निवेश का झांसा, कहा- 2 साल में डबल मुनाफा होगा छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सरकारी शिक्षक और उसके भाई ने मिलकर शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी दो साल में पैसा दोगुना करके लौटाने का झांसा देते थे। मामले का खुलासा तब हुआ जब थाना कसडोल में आरोपियों के खिलाफ दो लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी। पढ़ें पूरी खबर…

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *