बेगमगंज तहसील के चांदबड़ गांव में 2016-17 में 1 करोड़ रुपए की लागत से बना हाई स्कूल भवन 8 साल तक बंद रहने के बाद अब खुलने की स्थिति में आ गया है। भवन का उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था, लेकिन तकनीकी कारणों से यह अब तक उपयोग में नहीं आ सका था। इस समय गांव के 170 विद्यार्थी पुराने और जर्जर स्कूल भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं, जबकि नया और बेहतर सुविधा वाला भवन खाली पड़ा था। हाई स्कूल और मिडिल स्कूल के लिए एक ही DICE कोड बना बाधा
वर्तमान में चांदबड़ के हाई स्कूल में कक्षा 9वीं के 46 और कक्षा 10वीं के 24 छात्र पढ़ रहे हैं, वहीं मिडिल स्कूल में 103 छात्र-छात्राएं हैं। दोनों स्कूलों के लिए एक ही DICE कोड (डेटा रिपोर्टिंग कोड) होने के कारण हाई स्कूल को अलग से मान्यता नहीं मिल सकी और नया भवन अधर में लटका रहा। स्कूल के प्राचार्य ने कई बार अधिकारियों को आवेदन भेजे, लेकिन समाधान नहीं हुआ। शिक्षक भी कम, सिर्फ 6 स्टाफ 170 छात्रों के लिए
विद्यालय में कुल 170 बच्चों के लिए केवल 6 शिक्षक उपलब्ध हैं, जिससे पढ़ाई की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने की थी भवन शुरू करने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि यह भवन दान में मिली जमीन पर बनाया गया है और वर्षों से बंद पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की थी कि हाई स्कूल को अलग DICE कोड देकर जल्द से जल्द नए भवन में कक्षाएं शुरू कराई जाएं। बीइओ बोले- सोमवार से भवन में लगेंगी कक्षाएं
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) राजेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि भवन का उपयोग शुरू करने के लिए आदेश दे दिए गए हैं। “DICE कोड की समस्या अभी बनी हुई है, लेकिन फिलहाल स्कूल प्राचार्य को निर्देश दिए गए हैं कि सोमवार से नए भवन में कक्षाएं लगाई जाएं।” देखिए स्कूल की तस्वीरें…

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *