पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विधायक अनमोल गगन मान ने शनिवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा- ‘मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। स्पीकर से अनुरोध है कि मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।’ अनमोल गगन मान मशहूर पंजाबी सिंगर हैं। 2022 विधानसभा चुनाव में वह मोहाली की खरड़ विधानसभा सीट से AAP विधायक बनी थीं। चुनाव जीतने के बाद उन्हें पर्यटन व संस्कृति मंत्री बनाया गया। हालांकि, 2024 में फेरबदल के बाद उनकी मंत्रिमंडल से छुट्टी हो गई। पिछले कुछ समय से वह राजनीतिक गतिविधियों से दूर थीं। विधायक बनने से पहले वह AAP की यूथ विंग की सह प्रभारी रहीं। 2021 में उन्होंने कहा था कि तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को लेकर बिल बनाकर सदन में पेश करें, नहीं तो इस्तीफा दें। फिर उन्होंने कहा था कि AAP सरकार बनाते ही 5 मिनट में MSP देंगे। इस बयान के बाद जब विवाद हुआ तो उन्होंने कहा कि हम पॉलिटिक्स में नए-्नए हैं। मुझे इसके बारे में ज्यादा नहीं पता। 2020 में जॉइन की थी आम आदमी पार्टी
अनमोल गगन मान ने वर्ष 2020 में आम आदमी पार्टी जॉइन की थी। वह 2022 के विधानसभा चुनाव में खरड़ सीट पर अकाली दल के रणजीत सिंह गिल को 37,718 वोट से हराकर MLA बनीं। वह आम आदमी पार्टी के उन सबसे युवा विधायकों में शामिल थीं जो 2022 के विधानसभा चुनाव में जीते। अनमोल गगन मान ने पंजाब में AAP का कैंपेन सॉन्ग भी तैयार किया था। अनमोल ने जिन्हें हराया, वह ले सकते हैं उनकी जगह
अनमोल गगन मान का इस्तीफा अगर मंजूर हुआ तो खरड़ विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। ऐसे में अनमोल गगन मान की जगह रणजीत सिंह गिल यहां से AAP के उम्मीदवार हो सकते हैं। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और रियल एस्टेट कारोबारी रणजीत सिंह गिल ने अनमोल के इस्तीफे से एक दिन पहले ही, अकाली दल छोड़ने का ऐलान कर दिया था। 2022 में अनमोल ने रणजीत सिंह को ही हराया था। पिछले साल एडवोकेट से शादी की
16 जून 2024 को अनमोल गगन मान ने एडवोकेट शहबाज सिंह सोही से शादी की थी। शहबाज सिंह पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एडवोकेट हैं। शादी की रस्में जीरकपुर के गुरुद्वारा नाभा साहिब में हुई थीं। शहबाज सिंह का जीरकपुर में रियल एस्टेट का कारोबार भी है। शहबाज की मां सीलम सोही राजनीति में हैं। उन्होंने बनूड़ विधानसभा क्षेत्र से शिरोमणि अकाली दल के नेता व पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन कंवलजीत के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इनके पिता पूर्व सीएम बेअंत सिंह के करीबी रहे हैं। वहीं, इनके दादा निर्दलीय चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचे थे। मंच से कहा था- अधिकारी मेरे नाम पर पैसे ले रहे
सितंबर 2024 में अनमोल ने मोहाली के नयागांव क्षेत्र में सीवरेज अथॉरिटी के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इस कार्यक्रम में मंच से उन्होंने कहा था कि कुछ वरिष्ठ अधिकारी मेरे नाम का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और आम नागरिकों या ठेकेदारों से रिश्वत मांगने की कोशिश कर रहे हैं। अनमोल गगन मान ने इन अधिकारियों को चेतावनी दी कि ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर कोई भी व्यक्ति यह दावा करता है कि वह मंत्री की सिफारिश या इशारे पर रिश्वत मांग रहा है, तो जनता सीधे तौर पर उनसे संपर्क करे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *